स्वास्थ्य विभाग की सील पर सवाल कार्रवाई के 24 घंटे के भीतर फिर खुला ,सील पैथोलॉजी सेंटर खुलने से चर्चाओं का बाजार गर्म
कार्रवाई पर उठे सवाल प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
सील तोड़कर दोबारा संचालन शुरू होने का आरोप ग्रामीणों में नाराजगी ,कार्रवाई की उठी मांग
संतोष कुमार गुप्ता ( संवाददाता)
बीजपुर /सोनभद्र-
अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है। बीजपुर बाजार स्थित श्रीराम चौक के समीप एक पैथोलॉजी कलेक्शन सेंटर को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सील किए जाने के महज एक दिन बाद उसके दोबारा संचालित होने के आरोप सामने आए हैं। मामले ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बनते हुए विभागीय कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जाता है कि बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर के अधीक्षक डॉ. पी. एन. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर अभियान चलाकर एक पैथोलॉजी कलेक्शन सेंटर, एक होम्योपैथिक क्लीनिक और एक अन्य क्लीनिक को सील किया था। विभाग ने इसे अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध की गई कार्रवाई बताया था।
लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि टीम के लौटते ही संबंधित पैथोलॉजी सेंटर का ताला तोड़कर दोबारा संचालन शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि संबंधित संचालक पहले भी अलग-अलग नामों से पैथोलॉजी का संचालन करता रहा है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल विभागीय कार्रवाई की गंभीर अवहेलना होगी बल्कि कानून व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि सील किए गए संस्थान दोबारा आसानी से संचालित होने लगेंगे, तो अवैध स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अपनी विश्वसनीयता खो देगा।
इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी, सोनभद्र का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका। विभाग की ओर से कोई स्पष्टीकरण या प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


Comments