बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत, महिला को छत से धक्का देकर किया घायल, छपरा रेफर 

इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया

BIHAR SWATANTRA PRABHAT Picture
Published On

एकमा (सारण)। एकमा प्रखंड के रसूलपुर थाना क्षेत्र के अतरसन पंचायत अंतर्गत अतरसन गांव में दो बंदरों के आतंक से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। आए दिन बंदरों द्वारा लोगों पर हमला किए जाने से पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।गुरुवार को अतरसन गांव निवासी कुसुम देवी (30) अपने घर की छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थीं। इसी दौरान दो बंदर अचानक उनके पास पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदरों ने उन पर हमला कर धक्का दे दिया, जिससे वह छत से नीचे गिर गईं। घटना में वह घायल हो गईं।

परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया जहां घायल महिला का उपचार चल रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। अब तक अतरसन गांव एवं पंचायत के लगभग आधा दर्जन लोगों को ये बंदर हमला कर घायल कर चुके हैं।

लगातार हो रहे हमलों से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल है और लोग घरों की छतों तथा बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से बंदरों को शीघ्र पकड़कर सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें