नवीनतम
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ
अम्बेडकरनगर।
उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) एवं जिला प्रशासन, अम्बेडकरनगर के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ आज सायंकाल हवाई पट्टी, अम्बेडकरनगर में हुआ। कार्यक्रम में लोक संस्कृति, लोक कलाओं एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वाराणसी के सुप्रसिद्ध लोक गायक विमल बावरा द्वारा लोक गायन की आकर्षक प्रस्तुति से हुआ। उनके लोकगीतों ने उपस्थित श्रोताओं को लोक संस्कृति की मिठास से सराबोर कर दिया। इसके उपरांत मुरारी लाल तिवारी (मथुरा) एवं उनकी मंडली ने बृज के प्रसिद्ध लोकनृत्य 'फूलों की होली' की जीवंत प्रस्तुति देकर दर्शकों को बृज की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। वहीं रवि परिहार (झांसी) एवं उनकी मंडली द्वारा प्रस्तुत मल्लखंभ के रोमांचकारी प्रदर्शन ने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। कलाकारों के अद्भुत संतुलन, कौशल और साहसिक करतबों को दर्शकों ने खूब सराहा।

Read More सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली योग जागरूकता यात्राकार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, कला प्रेमियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। सभी ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया।
21 जून को होंगी ये प्रस्तुतियां
कार्यक्रम की अगली कड़ी में 21 जून 2026 को सायं 6:00 बजे से हवाई पट्टी, अम्बेडकरनगर में निम्नलिखित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी—
मुरारी लाल तिवारी, मथुरा* एवं उनकी मंडली द्वारा बृज के लोकनृत्य की प्रस्तुति।
शालिनी, अयोध्या द्वारा बधावा लोक नृत्य की प्रस्तुति।
रवि परिहार, झांसी एवं उनकी मंडली द्वारा मल्लखंभ का प्रदर्शन।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का आनंद लेने एवं कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
इस अवसर पर सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडेय, अध्यक्ष जिला पंचायत श्याम सुंदर वर्मा उर्फ़ साधू वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।


Comments