15 दिवसीय कथक नृत्य प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य समापन
मीरजापुर
रामलाल साहनी
मिर्जापुर। संस्कार भारती, मिर्जापुर इकाई एवं महेश्वर साधना ललित कला प्रशिक्षण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कथक नृत्य प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य समापन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के मध्य संपन्न हुआ। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री सोहनलाल श्रीमाली, उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव, डॉ. गणेश प्रसाद अवस्थी, श्री दिनेश्वर पति त्रिपाठी त्रिपाठी, वेदमूर्ति आचार्य अगस्त्य द्विवेदी तथा प्लेवे स्कूल के निदेशक श्री रचित जी उपस्थित रहे।
Read More जनपद में सर्वाधिक रक्तदान कराने वाली विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट विश्व रक्तदाता दिवस पर सम्मानित।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं संस्कार भारती गीत के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत संस्कार भारती के पदाधिकारियों द्वारा पुष्प एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।

कार्यशाला के प्रशिक्षक मनीष शर्मा ने 15 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों द्वारा अर्जित कला-कौशल का सुंदर प्रदर्शन कराया। बच्चों ने टुकड़ा, तिहाई, चक्कर, परन तथा छोटे ख़याल की बंदिशों पर आकर्षक कथक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी साधना और प्रतिभा का परिचय दिया। अंत में प्रशिक्षक मनीष शर्मा ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
इस अवसर पर संस्कार भारती, मिर्जापुर इकाई द्वारा कार्यशाला के सफल संचालन में विशेष योगदान देने वाले दोनों संयोजकों श्री सोमेश्वर पति त्रिपाठी एवं श्रीमती शालू वर्मा का सम्मान किया गया। दोनों संयोजकों ने पूरे 15 दिनों तक अत्यंत मनोयोग, समर्पण और अनुशासन के साथ कार्यशाला का संचालन कर उसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में कार्यशाला के सफल आयोजन हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले श्रीमती कुसुम मालवीय एवं पंडित शिवांग त्रिपाठी को भी सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर शिवलाल गुप्ता,राकेश वर्मा ,संजय श्रीवास्तव,शिवबली सिंह, रामलाल साहनी, बसंत गुप्ता, पंडित ओमप्रकाश मिश्रा, राममिलन जी,राम धनी पाल ,सुरेश मौर्या,प्रमोद मिश्रा,अनिल जी,केदार नाथ सविता,लल्लू तिवारी ,राम नारायण यादव ,सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं प्रशिक्षणार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्कार भारती, मिर्जापुर के जिला महामंत्री शिवराम शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, सहयोगियों, अभिभावकों एवं कला-प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय शास्त्रीय कलाओं का संरक्षण और संवर्धन समाज के सामूहिक सहयोग से ही संभव है।


Comments