जर्जर सड़क पर सियासत गरम: सपा का विशाल धरना, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर-जैतापुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक तापमान बढ़ गया।

Abhinav Shukla Picture
Published On

गैसड़ी (बलरामपुर)। उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर-जैतापुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक तापमान बढ़ गया। वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने गनेशपुर बाजार स्थित रामजानकी मंदिर के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। हजारों लोगों की मौजूदगी में आयोजित धरने में नेताओं ने क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण शीघ्र शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस सड़क से हजारों लोगों का आवागमन होता है, वह आज गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधि मौन हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ी तो आर-पार की लड़ाई भी लड़ी जाएगी।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने सत्ता के दबाव में लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करते हुए कार्यक्रम की अनुमति देने में बाधाएं खड़ी कीं। मंच से ही उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर जनता की आवाज उठाने से क्यों रोका जा रहा है।
श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने कहा कि इस सड़क का मुद्दा कई बार दिशा समिति की बैठकों में उठाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। यदि यही सड़क किसी अन्य क्षेत्र में होती तो अब तक उसका निर्माण पूरा हो चुका होता।
धरने के बाद नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और गैसड़ी विधायक राकेश कुमार यादव के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी तुलसीपुर को सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर मार्ग केवल एक सड़क नहीं बल्कि हजारों लोगों की जीवनरेखा है। यह मार्ग अयोध्या धाम को जोड़ने के साथ-साथ नेपाल सीमा से सटे अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों—चंदनपुर, धोबहा, गनवरिया और जैतापुर—को मुख्यधारा से जोड़ता है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और मरीजों, विद्यार्थियों तथा श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की योजनाओं और विकास के दावों के बीच यह सड़क सरकार की विफलता की जीती-जागती तस्वीर बन चुकी है। क्षेत्र की जनता वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और सरकार आंखें मूंदे बैठे हैं।
धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष माणिक लाल कश्यप ने की। इस अवसर पर पूर्व विधायक अब्दुल मशहूद खान, पूर्व विधायक रामसागर अकेला, अनवर महमूद, ओंकारनाथ पटेल, नूरुल हसन खां, कौशर हुसैन, भानू त्रिपाठी, विक्रम यादव एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments