भारत
नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म मामले में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने पीड़िता को किया 2घंटे में बरामद
बेतिया। नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद करते हुए मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर 1 अजीत कुमार द्वारा, 12 जून, शुक्रवार को प्रेस वार्ता क्रम में यह बताया गया की 11 जून 2026 को नगर थाना में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बेतिया के निर्देश पर नगर थाना कांड संख्या 343/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया तथा नाबालिग को उसके कब्जे से बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पीड़िता के बयान के आधार पर दुष्कर्म की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में उसने भी घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
घटनास्थल का एफएसएल टीम द्वारा निरीक्षण किया गया है। वहीं, आरोपी के मोबाइल फोन से पीड़िता से संबंधित आपत्तिजनक तस्वीरें भी बरामद होने की बात कही गई है। पीड़िता एवं आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा जांच के दौरान बेडशीट, अंडरगारमेंट सहित अन्य साक्ष्यों को जब्त कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है तथा दोषी के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में नगर थाना अध्यक्ष धीरज कुमार, पुलिस अवर निरक्षक नितीन कुमार, दीप्ती कुमारी, खुशबू कुमारी, आदि शामिल रहें.


Comments