धनरूआ में चोरों का आतंक जारी, तीसरे दिन भी बंद घर को बनाया निशाना
मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ नकदी व चांदी का पायल चोरी, लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत
धनरूआ :- मसौढ़ी अनुमंडल के धनरूआ थाना क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन चोरी की घटना सामने आने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। बेखौफ चोर लगातार बंद घरों को निशाना बना रहे हैं और पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला धनरूआ थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव का है, जहां अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी एवं जेवरात की चोरी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुस्तफापुर निवासी निवेश प्रसाद सिंह वर्तमान में अपने परिवार के साथ कोलकाता में रहते हैं। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने उनके पिता को फोन कर सूचना दी कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने के बाद जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे सहित घर के तीन कमरों का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार घर में रखी दो अटैची और एक छोटा बक्सा गायब था। काफी खोजबीन के बाद घर के पश्चिम दिशा स्थित बगीचे में दोनों अटैची और बक्सा पड़ा मिला, जिसमें रखे कपड़े बाहर फेंके हुए थे। वहीं अटैची में रखा करीब 25 हजार रुपये नकद एवं एक जोड़ी चांदी का पायल गायब मिला।
घटना की सूचना धनरूआ थाना को दी गई है। पीड़ित ने लिखित आवेदन देकर मामले की जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि धनरूआ क्षेत्र में चोरों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है।स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।


Comments