तालाब में डूबने से कक्षा-6 के छात्र की मौत, परिजनों में मची चीख-पुकार

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल

BIHAR SWATANTRA PRABHAT Picture
Published On

एकमा (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत एकमा बाजार के वार्ड संख्या चार स्थित भटोली गांव निवासी अजय यादव 11 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार यादव की तालाब में डूबने से सोमवार को मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा है।

बताया जाता है कि भटोली गांव निवासी अजय यादव का इकलौता पुत्र आदित्य कुमार यादव सोमवार की सुबह घर से निकला था। इसी दौरान भीषण गर्मी से राहत के उद्देश्य से वह गांव के दो अन्य बच्चों के साथ राजापुर गांव स्थित एक तालाब में नहाने चला गया। नहाने के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए। बताया जाता है कि उक्त तालाब को पूर्व में मछली पालन और सिंघाड़ा की खेती के लिए भुईली गांव के काश्तकारों से राजापुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा लिया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार तालाब में पानी काफी गहरा था तथा अंदर कीचड़ और दलदल होने के कारण आदित्य उसमें फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आदित्य को बाहर निकालने में देर हो गई। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. आयुष्मान कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को भरोसा नहीं होने पर वे उसे एक निजी क्लिनिक भी ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक आदित्य हंसराजपुर मध्य विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था और पढ़ाई में अच्छा बताया जाता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बड़ी और एक छोटी बहन भी है। पिता अजय यादव बाहर रहकर एक निजी कंपनी में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया।
बेटे की मौत की खबर सुनकर एकमा सीएचसी पहुंची मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

खुशखबरी -: पटना के बाद अब मुंगेर में बनेगा भव्य गंगा पथ Read More खुशखबरी -: पटना के बाद अब मुंगेर में बनेगा भव्य गंगा पथ

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें