जमीन बंटवारे के विवाद में भाई ने भाई की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या, पत्नी घायल

वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रयागराज। मऊआइमा थाना क्षेत्र के कहली बादलपुर गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। लंबे समय से चल रही रंजिश के बीच एक भाई ने अपने ही सगे भाई, फर्नीचर कारोबारी संतोष विश्वकर्मा की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना में मृतक की पत्नी भी घायल हो गईं। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
 
जानकारी के अनुसार संतोष विश्वकर्मा मुंबई में रहकर फर्नीचर का कारोबार करते थे। कुछ दिन पहले ही वह गांव लौटे थे। परिवार में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
 
आरोप है कि गुस्से में आए भाई ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर संतोष विश्वकर्मा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची संतोष की पत्नी पर भी हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल संतोष को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
 
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। आरोपी की तलाश की जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसके चलते एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें