डिग्री कॉलेज उद्घाटन में ‘दागी’ की एंट्री पर सियासी संग्राम

Dy CM के मंच पर आरोपी से स्वागत, वीडियो वायरल होते ही RJD का हमला — “JDU पर BJP का रंग चढ़ गया

BIHAR SWATANTRA PRABHAT Picture
Published On

बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में नवस्थापित डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह का विवाद अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। बिहार सरकार के डिप्टी सीएम विजेंद्र प्रसाद यादव की मौजूदगी वाले सरकारी कार्यक्रम में कथित सेक्स रैकेट मामले के आरोपी द्वारा स्वागत किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने सरकार पर सीधा हमला बोल दिया है।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव, सांसद दिलेश्वर कामत और बीएनएमयू के कुलपति प्रो डॉ बीएस झा मंच पर मौजूद थे। वायरल वीडियो में एक ऐसा व्यक्ति अतिथियों को फूल-माला पहनाकर स्वागत करता दिख रहा है, जिस पर पूर्व में सेक्स रैकेट संचालन का आरोप लग चुका है और जो हाल ही में बेल पर बाहर आया बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ आ गई कि आखिर एक सरकारी मंच तक ऐसे विवादित व्यक्ति की पहुंच कैसे हुई।

अब इस पूरे मामले को लेकर राजद ने भी मोर्चा खोल दिया है। राजद के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज से पोस्ट साझा करते हुए तंज कसा गया कि “सुपौल के त्रिवेणीगंज में Dy CM विजेंद्र यादव और सांसद दिलेश्वर कामत का स्वागत कथित सेक्स रैकेट मामले के आरोपी व्यक्ति ने किया। सचमुच JDU पर BJP का रंग चढ़ ही गया।” राजद के इस पोस्ट के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। विपक्ष इसे सत्ता संरक्षण और राजनीतिक गिरावट का उदाहरण बता रहा है, जबकि सत्ता पक्ष की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

मामले ने उस समय और ज्यादा तूल पकड़ लिया जब चर्चा होने लगी कि क्षेत्र का दो बार प्रतिनिधित्व कर चुकी पूर्व विधायक वीणा भारती को मंच पर जगह नहीं मिली, जबकि विवादित छवि वाला व्यक्ति मंच पर सक्रिय भूमिका निभाता नजर आया। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर भी नाराजगी और चर्चा का माहौल बना हुआ है। बीएनएमयू के कुलपति प्रो डॉ बीएस झा ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि यह एक सरकारी कार्यक्रम था और मंच पर मौजूद सभी लोगों की जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से केवल डिप्टी सीएम, स्थानीय सांसद और स्थानीय विधायक की उपस्थिति तय थी। बाकी लोगों को किस स्तर पर मंच तक पहुंच मिली, इसकी जानकारी आयोजकों को होगी।

बिहार की राजनीति में मंच अब केवल भाषण का नहीं, बल्कि संदेश का माध्यम बन चुका है। त्रिवेणीगंज के इस मंच ने एक बार फिर दिखा दिया कि सत्ता के करीब पहुंच रखने वालों के लिए प्रोटोकॉल और छवि दोनों अक्सर पीछे छूट जाते हैं। जिस कार्यक्रम का मकसद शिक्षा और विकास का संदेश देना था, वहां अब चर्चा कॉलेज से ज्यादा मंच पर दिखे चेहरों की हो रही है। विपक्ष को बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया है, जबकि सत्ता पक्ष सफाई और चुप्पी — दोनों के बीच फंसा नजर आ रहा है।

अवैध हथियार मामले में मसौढ़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल Read More अवैध हथियार मामले में मसौढ़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें