श्रीभूमि जिले के दुल्लभछड़ा में सर्किल कार्यालय स्थापना के मुख्यमंत्री के आश्वासन से क्षेत्र में खुशी की लहर

बताया गया है कि मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए दुल्लभछड़ा में सर्किल कार्यालय स्थापित करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने विधायक विजय मालाकार को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

Abhinav Shukla Picture
Published On

श्रीभूमि संवाददाता स्वतंत्र प्रभात :
 
 
असम श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के दुल्लभछड़ा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सेवानिवृत्त एडीसी नीलमणि दास लगातार विभिन्न विकासात्मक मुद्दों को लेकर प्रयासरत हैं। दुल्लभछड़ा से गुवाहाटी और दुल्लभछड़ा-शिलचर रेल सेवा की सुविधा तथा दुल्लभछड़ा में स्टेट बैंक की स्थापना के बाद अब दुल्लभछड़ा में राजस्व सर्किल कार्यालय स्थापित कराने की दिशा में भी प्रयास तेज किए गए हैं।
 
दुल्लभछड़ा विकासखंड क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से राजस्व संबंधी कार्यों के लिए रामकृष्णनगर सर्किल कार्यालय जाना पड़ता है। इससे लोगों को आने-जाने के खर्च के साथ-साथ समय और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए नीलमणि दास ने स्थानीय लोगों के साथ चर्चा कर इस मांग को असम के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के समक्ष रखने की पहल की। इस क्रम में रविंद्र सिन्हा, व्यास सिन्हा, पत्रकार एवं साहित्यकार तापस पाल, भाग्य सिंह सहित अन्य लोगों के साथ विचार-विमर्श के बाद मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखने की तैयारी की गई।
 
जनता की ओर से 180 लोगों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन तथा 14 ग्राम पंचायत अध्यक्षों के सहमति-पत्र के साथ गत 26 अगस्त को श्रीभूमि जिले के प्रभारी उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। इसके अलावा दुल्लभछड़ा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या तथा रामकृष्णनगर सर्किल कार्यालय तक आने-जाने में लोगों को होने वाली आर्थिक परेशानियों से संबंधित जानकारी सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ बराक घाटी के विधायकों, मंत्रियों और सांसद परिमल शुक्लबैद्य के समक्ष भी रखी गई। इसी सिलसिले में गत 30 सितंबर को सेवानिवृत्त एडीसी नीलमणि दास, अतुल कुमार सिन्हा, पत्रकार एवं कवि तपस पाल तथा व्यास सिन्हा मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए दिसपुर पहुंचे। बाद में सचिवालय में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से मुलाकात कर उन्हें दुल्लभछड़ा में सर्किल कार्यालय स्थापित करने संबंधी मांग और प्रस्ताव से अवगत कराया गया।
 
बताया गया है कि मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए दुल्लभछड़ा में सर्किल कार्यालय स्थापित करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने विधायक विजय मालाकार को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कवि तपस पाल की हाल ही में प्रकाशित काव्य पुस्तक ‘निर्वाक प्रिय की स्तब्धता’ भी नीलमणि दास की ओर से मुख्यमंत्री को भेंट की गई। मुख्यमंत्री की ओर से सर्किल कार्यालय स्थापना के आश्वासन की खबर क्षेत्र में पहुंचते ही दुल्लभछड़ा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए सेवानिवृत्त एडीसी नीलमणि दास सहित इस मांग से जुड़े सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें