नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
अनिल ढींगरा ने संभाला आवास आयुक्त का पदभार, योजनाओं में तेजी और पारदर्शिता पर दिया जोर
आवास आयुक्त ने अधिकारियों से परिषद की वर्तमान योजनाओं,निर्माणाधीन परियोजनाओं, आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं तथा जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
लखनऊ, 08 अगस्त।
उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के नवनियुक्त आवास आयुक्त अनिल ढींगरा ने शनिवार को परिषद मुख्यालय पहुंचकर आवास आयुक्त के पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों, विभिन्न आवासीय योजनाओं, परियोजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
आवास आयुक्त ने अधिकारियों से परिषद की वर्तमान योजनाओं,निर्माणाधीन परियोजनाओं, आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं तथा जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिषद की योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आम जनता तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
.jpeg)
श्री ढींगरा ने कहा कि पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनहित परिषद के कार्यों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप परिषद की सभी योजनाओं और परियोजनाओं में तेजी लाई जाए। साथ ही लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण करने तथा जनसामान्य से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों से परिषद की विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, भूमि संबंधी मामलों, आवासीय योजनाओं तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त और सुनियोजित आवासीय विकास के साथ-साथ आम नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाना आवश्यक है।
आवास आयुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि विभागीय कार्यों में बेहतर तालमेल से योजनाओं को अधिक प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
पदभार ग्रहण करने के अवसर पर उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नवनियुक्त आवास आयुक्त का स्वागत किया और उन्हें परिषद के कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।


Comments