नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
पुल निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, कमिश्नर व डीएम ने परिजनों से मिलकर जताई शोक संवेदना
मीरजापुर
मिर्जापुर। थाना चिल्ह क्षेत्र के हरसिंगपुर गांव में हुई हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुल निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में भी शोक की भावना व्याप्त हो गई। मृतक बच्चों की पहचान सत्यम यादव (6 वर्ष) पुत्र
कड़ेदीन यादव तथा किशन यादव (8 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार यादव निवासी हरसिंगपुर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते निर्माणाधीन पुल के समीप पहुंच गए थे, जहां पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरकर डूब गए। जब तक ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी हुई और उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक दोनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने पर मंडलायुक्त (कमिश्नर) एवं जिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तत्काल हरसिंगपुर पहुंचे और मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि
इस कठिन समय में प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। अधिकारियों ने घटना की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
गांव में एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गहरे गड्ढों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के
समुचित इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। हरसिंगपुर गांव में शोक का माहौल है और मृतक बच्चों के घरों पर लोगों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा गणमान्य लोगों ने भी घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।


Comments