यूट्यूब से सीखी साइबर ठगी की तकनीक, तीन शातिर गिरफ्तार

जनपद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल की सिम का दुरुपयोग कर UPI खातों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है।

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात संवाददाता 
 
बलरामपुर।
 
जनपद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल की सिम का दुरुपयोग कर UPI खातों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त तीन आईफोन, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 24 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
 
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान Cy-Vajra के तहत पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर क्राइम नोडल अधिकारी विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। मामले की जांच के दौरान कोतवाली उतरौला पुलिस एवं जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मोहल्ला आर्यनगर निवासी सनी चौरसिया तथा दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया।
 
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी यूट्यूब से आईफोन आधारित UPI लॉगिन की तकनीक सीखकर परिचित लोगों के मोबाइल की सिम कुछ समय के लिए अपने आईफोन में लगाते थे। इसके बाद पीड़ित के NAVI UPI, Paytm अथवा अन्य UPI ऐप में लॉगिन कर नया पासकोड बना लेते थे। सिम वापस कर देने के बाद भी Apple Cloud के माध्यम से उनके आईफोन में लॉगिन सक्रिय रहता था, जिससे वे पीड़ित के बैंक खाते का संचालन करते थे।
 
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी नेपाल के चन्द्रौटा स्थित कैसीनो सहित अन्य स्थानों पर जाकर पीड़ितों के खातों से ऑनलाइन भुगतान कर उसके बदले नकद राशि प्राप्त करते थे। ठगी की रकम का कुछ हिस्सा ऑनलाइन गेमिंग ऐप में लगाया जाता था, जबकि शेष राशि विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर आपस में बांट ली जाती थी। घटना के बाद प्रयुक्त आईफोन बेचकर साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया जाता था।
 
पूछताछ में आरोपियों ने अरुण वर्मा एवं अन्य पीड़ितों के साथ लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन आईफोन, एक एंड्रॉयड मोबाइल तथा 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
 
इस कार्रवाई में कोतवाली उतरौला के निरीक्षक बलजीत राव, उपनिरीक्षक हीरालाल सहित थाना पुलिस एवं जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार