पुश्तैनी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक हुआ अबान अहमद, तीनों भाइयों ने दिया जनाज़े को कंधा

कड़ी सुरक्षा के बीच कब्रिस्तान पहुंचे अली और उमर अहमद, वैन से उतरते ही दोनों भाई गले मिले; अंतिम दीदार के लिए उमड़ी भीड़ को पुलिस ने संभाला

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रयागराज। अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार को प्रयागराज स्थित उनके पुश्तैनी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अबान की अंतिम यात्रा के दौरान उनके दोनों बड़े भाइयों अली अहमद और उमर अहमद ने भी शिरकत की। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों भाइयों को पुलिस वैन से कब्रिस्तान तक लाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अंतिम दीदार के लिए जुटे रहे।
 
कब्रिस्तान पहुंचने पर जैसे ही पुलिस वैन से अली और उमर अहमद नीचे उतरे, दोनों भाई भावुक हो गए और एक-दूसरे से गले मिले। इसके बाद दोनों ने अबान के जनाज़े को कंधा दिया। तीनों भाइयों के इस भावुक क्षण को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। अंतिम रस्मों के दौरान अली और उमर ने अबान को मिट्टी भी दी और उनकी आखिरी विदाई में शामिल हुए।
 
अबान के जनाज़े के कब्रिस्तान पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। देखते ही देखते कब्रिस्तान के आसपास भीड़ बढ़ गई। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पहले लोगों को पीछे हटने की अपील की। भीड़ अधिक बढ़ने पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति भी बनी, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर लोगों को नियंत्रित करना पड़ा।
 
कड़ी सुरक्षा के बीच हुई अंतिम विदाई
 
अबान की अंतिम विदाई को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। कब्रिस्तान के आसपास पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। अली और उमर को भी सुरक्षा घेरे में कब्रिस्तान तक लाया गया। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। अंतिम रस्में पूरी होने के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच अली और उमर को वापस ले जाया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें