नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
कांवड़ यात्रा से पहले निगोहा में डीसीपी दक्षिणी का पैदल मार्च, सुरक्षा व्यवस्था परखी
......भंवरेश्वर महादेव मंदिर व कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को सतर्कता और भीड़ नियंत्रण के दिए निर्देश
निगोहां /लखनऊ - श्रावण मास और आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक ने थाना निगोहा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह तथा स्थानीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
डीसीपी ने पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों का भ्रमण किया। उन्होंने श्रावण मास के दौरान शिवालयों और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए उन्होंने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया तथा पुलिस की ओर से हर संभव सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर पैनी नजर रखने, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीसीपी ने प्रसिद्ध भंवरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। मंदिर परिसर और कांवड़ मार्ग का जायजा लेते हुए उन्होंने निगोहा पुलिस को श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं, इसलिए मंदिर मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


Comments