'गूजर गैंग' बताकर युवकों ने मोबाइल दुकान पर तीन को पीटा, मुकदमा दर्ज

.........मोहनलालगंज में मोबाइल बनवाने पहुंचे युवक पर हमला, दो साथियों से भी मारपीट; नामजद समेत अन्य अज्ञात पर केस, जांच शुरू

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज, संवाददाता। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में खुद को 'गूजर गैंग' का सदस्य बताने वाले युवकों द्वारा एक युवक और उसके दो साथियों की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
नगराम थाना क्षेत्र के देवती मजरा साधुखेड़ा निवासी रीता ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र विकास गुरुवार शाम मजदूरी कर घर लौटते समय हुलासखेड़ा के पचौरी गांव स्थित एक मोबाइल दुकान पर मोबाइल बनवाने के लिए रुका था। आरोप है कि इसी दौरान पचौरी गांव निवासी राज, कुलदीप और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे और खुद को 'गूजर गैंग' का सदस्य बताते हुए विकास से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने विकास का सिर दीवार से भिड़ा दिया और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। जमीन पर गिरने के बाद भी उसकी पिटाई की गई तथा जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए।
 
घटना में विकास के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी शिवम और नीर कमल को भी आरोपियों ने पीट दिया। पीड़िता की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने राज, कुलदीप समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
 
एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें