छिवकी रेलवे स्टेशन पर 22 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक गिरफ्तार
जीआरपी छिवकी एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को छिवकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 से एक व्यक्ति को 22 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
स्वतंत्र प्रभात ।
नैनी, प्रयागराज ।
जीआरपी छिवकी एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को छिवकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 से एक व्यक्ति को 22 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
जीआरपी के अनुसार, रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया एवं ट्रेनों में चोरी, छिनैती, अवैध तस्करी और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रेलवे अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी प्रयागराज अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामकरन सिंह (प्रभारी चौकी जीआरपी छिवकी) एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह करीब 11:20 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-2 के दिल्ली छोर स्थित एक बेंच के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े व्यक्ति को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभय बागची उर्फ अभोय बागची (45) पुत्र स्वर्गीय जे.आर. बागची, निवासी उत्तरी लोकपुर, अरैल रोड, नैनी, प्रयागराज के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 22 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
जीआरपी ने अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू की।

Comments