लाइन लॉस घटाने और बिजली व्यवस्था सुधारने पर डीएम सख्त, लापरवाह लाइनमैनों पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, लाइन लॉस, लो वोल्टेज की समस्या, ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन तथा उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में लाइन लॉस को कम करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाया जाए। उन्होंने लाइनमैनों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जो कर्मचारी अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने लो वोल्टेज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए फीडरों की बैलेंसिंग कर विद्युत आपूर्ति को सुचारु एवं संतुलित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा के भीतर बदलने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल की जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से फील्ड में नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और शिकायत निस्तारण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने को कहा।
बैठक के दौरान मुख्य अभियंता, देवीपाटन मंडल विद्युत विभाग ने विभागीय कार्यों की प्रगति, लाइन लॉस नियंत्रण, फीडर प्रबंधन तथा विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य अभियंता देवीपाटन मंडल, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता विद्युत बलरामपुर एवं तुलसीपुर, सभी उपखंड अधिकारी (एसडीओ), अवर अभियंता (जेई) तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
hindi news India news Balrampur uttar pradesh news balrampur news electricity department low voltage power supply Superintending Engineer Junior Engineer Urban Power Supply Administrative Review Dr Vipin Kumar Jain District Magistrate Balrampur Government Review Meeting Rural Electrification Power Distribution Independent Prabhat Executive Engineer Transformer Replacement Electricity Supply Line Loss Electricity Review Meeting Consumer Complaints Chief Engineer Devipatan SDO Electricity Electrical Infrastructure Public Utilities Power Sector


Comments