प्रयागराज में स्टेशनरी की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
लूकरगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक स्टेशनरी की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद पूरे मकान में धुआं भर गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
स्वतंत्र प्रभात
प्रयागराज।
लूकरगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक स्टेशनरी की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद पूरे मकान में धुआं भर गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लूकरगंज निवासी राजमणि गोयल अपने पुत्र के साथ मकान में रहती हैं और घर के निचले हिस्से में स्टेशनरी की दुकान संचालित करती हैं। बुधवार सुबह लगभग 10 बजे दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं पूरे मकान में फैल गया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में रखी किताबें, कॉपियां, रजिस्टर, फाइलें तथा अन्य स्टेशनरी सामग्री आग की चपेट में आ गई।
आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही खुल्दाबाद चौकी प्रभारी नीरज यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
उधर, फायर ब्रिगेड की टीम भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे तक लगातार प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों ने आग को मकान के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक दिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।


Comments