फीचर्ड
जनपद के विभिन्न विकास खण्डों के साथ-साथ श्रवण धाम में आयोजित हुआ बृहद योग शिविर
अम्बेडकरनगर।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में चल रहे योग सप्ताह के अंतर्गत जनपद के समस्त विकास खंडो के साथ-साथ पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के स्थल श्रवण धाम क्षेत्र में आज एक बृहद योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों, ग्रामीण जनसामान्य एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
योग शिविर में उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों द्वारा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी जिला पंचायतराज अधिकारी एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी की देखरेख में आयोजित इस शिविर में श्रवण धाम क्षेत्र के आसपास के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोग जीवन के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।
इसी क्रम में योग सप्ताह के अंतर्गत जिला कारागार में भी विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुरुष एवं महिला बंदियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस अवसर पर जिला जेल अधीक्षक सहित कारागार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी योगाभ्यास में भाग लिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा बंदियों को योग के महत्व एवं तनावमुक्त जीवन में इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को योग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा लोगों से अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में सहभागिता कर स्वस्थ भारत एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई है।


Comments