यूपी कैबिनेट की बड़ी सौगात: एसआरएन अस्पताल का होगा विस्तार, बनेगा अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर।

स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल को लेकर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। यूपी कैबिनेट ने अस्पताल के विस्तार प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात।
 
ब्यूरो प्रयागराज।
 
दया शंकर त्रिपाठी। 
 
स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल को लेकर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। यूपी कैबिनेट ने अस्पताल के विस्तार प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के तहत अस्पताल को 31,300 वर्गमीटर अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अस्पताल का विस्तार होने के साथ-साथ एमजी मार्ग से सीधे प्रवेश का रास्ता भी खुल जाएगा।
 
सरकार के इस फैसले से प्रयागराज सहित आसपास के जिलों के लाखों मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। लंबे समय से अस्पताल में बढ़ते मरीजों के दबाव और सीमित संसाधनों को देखते हुए विस्तार की मांग उठ रही थी। अब कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।
 
मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल और ट्रॉमा एल-वन सेंटर बनेगा
 
अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही गंभीर दुर्घटनाओं और आपातकालीन मरीजों के इलाज के लिए ट्रॉमा एल-वन सेंटर भी बनाया जाएगा। बताया जा रहा है कि ट्रॉमा सेंटर के निर्माण पर करीब 49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन की ओर से इसके लिए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है, जिससे निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
 
ट्रॉमा सेंटर बनने से सड़क हादसों, गंभीर चोट और आपातकालीन मामलों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकेगा। वर्तमान में प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन सुविधाओं की कमी के कारण कई बार मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
 
एमजी मार्ग से खुलेगा सीधा प्रवेश
 
विस्तार योजना के तहत अस्पताल को एमजी मार्ग से सीधे जोड़ने की तैयारी है। नया प्रवेश मार्ग बनने से मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल पहुंचने में सुविधा होगी। वर्तमान में अस्पताल परिसर में पहुंचने के लिए संकरी और भीड़भाड़ वाली सड़कों से गुजरना पड़ता है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।
 
जर्जर भवनों का होगा ध्वस्तीकरण
 
अस्पताल परिसर में मौजूद पुराने और जर्जर भवनों को चिन्हित कर उनके ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि पुराने भवन हटने के बाद नए निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
 
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम
 
विशेषज्ञों का मानना है कि एसआरएन अस्पताल के विस्तार से प्रयागराज मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं को नया आयाम मिलेगा। आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को लखनऊ और दिल्ली जैसे बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ेगा। सरकार की इस पहल को प्रयागराज के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें