नवीनतम
फीचर्ड
पेपर लीक के खिलाफ सड़क पर उबला छात्रों का गुस्सा
ए आई वाई एफ ने पीएम-सीएम का पुतला दहन कर सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
स्वतंत्र प्रभात | संवाददाता अतुल कुमार
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
बेतिया में लगातार हो रहे पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं के रद्द होने के खिलाफ छात्रों और युवाओं का गुस्सा अब सड़कों पर खुलकर दिखाई देने लगा है। आल इंडिया यूथ फेडरेशन (ए आई वाई एफ) के बैनर तले बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने शहर में जुलूस निकालकर नीट परीक्षा तथा सहायक शिक्षा अधिकारी परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ए आई वाई एफ के प्रदेश उपाध्यक्ष तारीक अनवर ने कहा कि देश और बिहार में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक होने की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है। लाखों छात्र दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन हर बार पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। इससे छात्रों के बीच गहरा आक्रोश और निराशा का माहौल बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षा रद्द होने से छात्रों को केवल मानसिक तनाव ही नहीं बल्कि आर्थिक और शारीरिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई और कोचिंग पर लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन जब परीक्षा रद्द होती है तो छात्रों के सपनों के साथ-साथ परिवार की उम्मीदें भी टूट जाती हैं। कई छात्र डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
तारीक अनवर ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पेपर लीक माफियाओं का नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा है और सरकार उस पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक कराने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और दोषियों को ऐसी कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार जल्द पेपर लीक पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाती और दोषियों को कड़ी सजा नहीं देती, तो आल इंडिया यूथ फेडरेशन राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ते हुए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बेतिया की सड़कों पर जुलूस निकालकर जमकर नारेबाजी की और सरकार विरोधी प्रदर्शन किया। मौके पर अंजारूल, साफेसर, ओम प्रकाश, आदर्श मणि तिवारी, परशुराम ठाकुर, आरती, मुनीता सहित दर्जनों कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।


Comments