लीलापुर गंगा घाट पर बड़ा हादसा,स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबे तीन लोग
युवती की हालत गंभीर
ब्यूरो प्रयागराज- गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लीलापुर गंगा घाट पर स्नान करते समय एक युवती समेत तीन लोग अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए दो मासूम भाई-बहन को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि युवती को अचेत अवस्था में नदी से बाहर निकाला गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय कामिनी तिवारी पुत्री मंगला प्रसाद तिवारी निवासी अकोढ़ा, पूरामुफ्ती अपने रिश्तेदारों के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। गुरुवार सुबह वह गंगा स्नान के लिए लीलापुर घाट पहुंची थी। उसके साथ प्रतापगढ़ जिले के सुवंसा गांव निवासी 11 वर्षीय अंशिका और 9 वर्षीय कृष्णा भी मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों स्नान करते समय अचानक गहरे पानी की ओर चले गए। देखते ही देखते तीनों डूबने लगे और घाट पर चीख-पुकार मच गई। लोगों ने मदद के लिए शोर मचाया तो घाट पर मौजूद ग्रामीण तुरंत नदी में कूद पड़े।
स्थानीय ग्रामीण विनोद शुक्ला, राजेंद्र तिवारी, रवि भारतीय और ज्ञानू मिश्रा ने जान जोखिम में डालकर बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों अंशिका और कृष्णा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं कामिनी तिवारी को गंभीर हालत में अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए शहर के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया।


Comments