सोनभद्र कोन क्षेत्र में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, कई मकान धराशाही और सड़कें क्षतिग्रस्त

लउआ नदी में उफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त भाजपा किसान मोर्चा ने दिलाया मुआवजे का आश्वासन

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

सोनभद्र जिले के कोन विकासखंड में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है, जिससे क्षेत्र में भारी तबाही का माहौल है। रामगढ़, महिउद्दीनपुर, कोन मिश्री, रगरम और मिटिहिनिया समेत कई गाँव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। लगातार बारिश के कारण नदियाँ उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और कई मकान धराशाही हो गए हैं। भारी बारिश के चलते क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कोन से विंढमगंज जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव हो गया है, जिससे लोगों का आना-जाना दूभर हो गया है। सड़कों के क्षतिग्रस्त होने और कीचड़ फैलने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में इस अप्रत्याशित तबाही के कारण अफरा-तफरी का माहौल है।
 
क्षेत्रीय लोगों ने नदी के उफान के कारण हुए नुकसान की जानकारी दी। रगरम निवासी राजकिशोर विश्वकर्मा ने बताया कि बीती रात करीब 1 बजे लउआ नदी का पानी अचानक उनके घर में घुस गया, जिससे उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही 112 नंबर की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं, ग्राम पंचायत मिटिहिनिया में भी एक परिवार का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं बची है।
 
स्थिति का जायजा लेने के बाद, भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष ने भारी नुकसान की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कई मकान धराशाही हो गए हैं और सड़कों की हालत बेहद खराब है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलवाने के लिए जिला प्रशासन से बात करने का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिवारों, विशेषकर मिटिहिनिया के क्षतिग्रस्त घर वाले व्यक्ति ने, शासन-प्रशासन से तत्काल मुआवजे और राहत सामग्री की मांग की है ताकि वे अपने जीवन को पुनः पटरी पर ला सकें। क्षेत्र की जनता ने जिला प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने और क्षतिग्रस्त मकानों के लिए उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments