मोहनलालगंज सीएचसी का मुख्य मार्ग बदहाल, गड्ढों से होकर गुजर रहे मरीज

जर्जर सड़क से गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों की बढ़ी मुश्किलें, मरम्मत न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी

Abhinav Shukla Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ। 
 
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहनलालगंज का मुख्य प्रवेश मार्ग बदहाल होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
 
अस्पताल तक पहुंचने वाली सड़क जगह-जगह उखड़ गई है और गहरे गड्ढे आवागमन में बाधा बन रहे हैं। इस मार्ग से रोजाना मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का आना-जाना होता है, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। 
 
गंभीर रूप से बीमार मरीजों को लेकर आने वाले वाहनों को भी गड्ढों के बीच से गुजरना पड़ता है। वहीं, बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य मार्ग की ऐसी स्थिति जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराकर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
 
हालांकि, सड़क की मरम्मत किस विभाग के जिम्मे है और इस संबंध में अब तक क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें