मिशन शक्ति केंद्रों के लिए 11 नए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने किया सम्मानित
कानपुर। मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देने पर अपर पुलिस अधीक्षक रत्ना पाण्डेय और विशेष कार्याधिकारी जया परिहार को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जोनल कार्यालय में प्रदान किया।
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर मिशन शक्ति केंद्रों के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने और उनके बेहतर संचालन के उपाय तलाशने के लिए प्रदेश के सभी आठ जोनल अपर पुलिस महानिदेशकों की अध्यक्षता में आठ समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों को मिशन शक्ति केंद्रों के कामकाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक एवं तथ्यपरक विश्लेषण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में कानपुर जोन को मिशन शक्ति केंद्रों के प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। इसमें प्रशिक्षण की समग्र आवश्यकता, प्रशिक्षण के प्रकार, विषय-वस्तु, अवधि, आवृत्ति, प्रशिक्षण के माध्यम तथा प्रशिक्षण सामग्री के विकास एवं तैयारी जैसे बिंदु शामिल थे।
मिशन शक्ति केंद्रों के संचालन को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण की जरूरतों, पाठ्यक्रम की विषय-वस्तु और कार्यप्रणाली का विश्लेषण किया गया। इस प्रक्रिया के तहत 11 नवीन एवं उपयोगी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम (फ्रेमवर्क/करिकुलम) तैयार कराने में उल्लेखनीय योगदान दिया गया।
इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए जोनल कार्यालय में कार्यरत अपर पुलिस अधीक्षक एवं स्टाफ ऑफिसर रत्ना पाण्डेय तथा विशेष कार्याधिकारी जया परिहार को अनुपम कुलश्रेष्ठ ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। उन्होंने दोनों अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मिशन शक्ति केंद्रों के लिए तैयार किए गए ये प्रशिक्षण पाठ्यक्रम प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक, प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं।
#UPPolice #SwatantraPrabhat #उत्तरप्रदेशसमाचार #KanpurNews #WomenEmpowerment #महिलासशक्तिकरण #WomenSafety #उत्तरप्रदेशपुलिस #MissionShakti #मिशनशक्ति #महिलासुरक्षा #KanpurPolice #LatestUPNews #महिलासुरक्षाअभियान #PoliceDepartment #PoliceTraining #कानपुरन्यूज #AnupamKulshrestha #RatnaPandey #JayaParihar #MissionShaktiKendra #प्रशिक्षणपाठ्यक्रम #UPPoliceNews #MissionShaktiUP #प्रशस्तिपत्रसम्मान


Comments