कानपुर के बाजारों में मंदी का सन्नाटा, टैक्स और वसूली से व्यापारी बेहाल: सपा व्यापार सभा
शहर के बाजारों में घटते कारोबार, बढ़ती लागत और सरकारी विभागों के नोटिसों को लेकर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा की मासिक बैठक में व्यापारियों का दर्द छलक उठा।
कानपुर। शहर के बाजारों में घटते कारोबार, बढ़ती लागत और सरकारी विभागों के नोटिसों को लेकर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा की मासिक बैठक में व्यापारियों का दर्द छलक उठा। शुक्रवार को नवीन मार्केट स्थित सपा महानगर कार्यालय में हुई बैठक में थोक और फुटकर व्यापारियों ने अपनी समस्याएं उठाईं। बैठक की अध्यक्षता सपा महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने की, जबकि संचालन व्यापार सभा के महानगर अध्यक्ष नंदलाल जायसवाल ने किया।
हाजी फजल महमूद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान बड़े उद्योगपतियों के हितों पर है, जबकि छोटे दुकानदार बढ़ते खर्च और टैक्स के दबाव से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि किराना, कपड़ा और जूता-चप्पल कारोबारियों के सामने ग्राहकों की कमी, बिजली बिल, माल ढुलाई और श्रम लागत बढ़ने जैसी चुनौतियां हैं। जीएसटी की जटिलताओं और इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़ी समस्याओं ने भी छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सर्वे, ऑडिट और नोटिस के नाम पर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। नगर निगम के हाउस टैक्स, वाटर टैक्स और कूड़ा उठाने के यूजर चार्ज पर भी उन्होंने सवाल उठाए। हाजी फजल महमूद ने चेतावनी दी कि व्यापारियों के उत्पीड़न की शिकायतें दूर नहीं हुईं तो समाजवादी पार्टी उनके समर्थन में आंदोलन करेगी।
पार्किंग, जाम और बदहाल सुविधाओं से बाजार प्रभावित
व्यापार सभा के महानगर अध्यक्ष नंदलाल जायसवाल ने परेड, नवीन मार्केट, जनरलगंज, नयागंज, मनीराम बगिया और सीसामऊ जैसे प्रमुख बाजारों की समस्याएं उठाईं। उन्होंने कहा कि पार्किंग की कमी, सीवर की समस्या, पेयजल की अव्यवस्था और जाम के कारण ग्राहकों को परेशानी होती है। व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं देने के बजाय चालान और सीलिंग की कार्रवाई का डर बना रहता है।
जायसवाल ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा बाजार स्तर पर कमेटियां बनाकर व्यापारियों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने टैक्स संबंधी समस्याओं के समाधान और बाजारों की बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त कराने की मांग की। बैठक में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी सड़क पर उतरकर आंदोलन कर सकते हैं।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, श्रीनाथ तिवारी, आशीष यादव, साकिफ कुरैशी, सचिन सिंह, काले खान, अश्मित सिंह, शिवम गुप्ता, राहुल यादव, शुभम पांडे, अर्पित गुप्ता, सुनील नागी, संदीप तिवारी, मोहम्मद रिजवान और कीर्ति अग्निहोत्री सहित कई व्यापारी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
swatantra prabhat kanpur news Samajwadi party BJP government house tax traffic congestion Uttar Pradesh Politics Haji Fazal Mahmood Business Community Nandlal Jaiswal Traders Protest SP Trade Wing GST Issues Local Business News Small Business Support Kanpur Traders Small Business Problems Tax Burden on Traders Kanpur Market News Shopkeepers Problems Market Parking Issues Municipal Tax Water Tax GST Compliance Trade Association Meeting


Comments