छिवकी स्टेशन पर टीटीई और जीआरपी सिपाहियों के बीच मारपीट

आई छिवकी रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग के दौरान जीआरपी के दो सिपाहियों और ड्यूटी पर तैनात टीटीई के बीच मारपीट का मामला सामने आया है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

 स्वतंत्र प्रभात 
 
नैनी, प्रयागराज।
 
 
आई छिवकी रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग के दौरान जीआरपी के दो सिपाहियों और ड्यूटी पर तैनात टीटीई के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद रेलकर्मियों में आक्रोश फैल गया। विरोध में दर्जनों टीटीई और रेलकर्मी स्टेशन परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोपी सिपाहियों को तत्काल निलंबित करने और उनके खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग की।
टिकट चेकिंग के दौरान हुआ विवाद
 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज मंडल में कार्यरत टीटीई अशोक कुमार कुशवाहा छिवकी रेलवे स्टेशन पर नियमित टिकट चेकिंग ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान जीआरपी सिपाही कमलेश कुमार और उनके एक साथी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान टीटीई के कपड़े भी फट गए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलकर्मी मौके पर जुटने लगे और पीड़ित टीटीई के समर्थन में प्रदर्शन शुरू कर दिया।
 
अवैध वसूली के आरोपों से बढ़ा आक्रोश
 
घटना के दौरान अवैध वसूली को लेकर भी आरोप लगाए गए, जिससे रेलकर्मियों में नाराजगी और बढ़ गई। हालांकि, वसूली से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना गंभीर है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।मौके पर पहुंचे जीआरपी सीओ, कर्मचारियों से की बातचीत
 
हंगामे की सूचना मिलने पर रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जीआरपी के सीओ अरुण कुमार पाठक ने धरने पर बैठे रेलकर्मियों से बातचीत कर उन्हें समझाने और स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी सिपाहियों के तत्काल निलंबन और कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
 
घटना के बाद छिवकी रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों की सुरक्षा और ड्यूटी के दौरान अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल मामले में जांच और रेल प्रशासन की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार