बाढ़ में बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर धराशायी, लोहेपनिया गांव में बिजली गुल
बीते दिनों आई भीषण बाढ़ और चक्रवाती आंधी-तूफान ने ग्राम लोहेपनिया में विद्युत व्यवस्था की पूरी तरह से कमर तोड़ दी है।
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
पचपेड़वा/बलरामपुर।
बीते दिनों आई भीषण बाढ़ और चक्रवाती आंधी-तूफान ने ग्राम लोहेपनिया में विद्युत व्यवस्था की पूरी तरह से कमर तोड़ दी है। बाढ़ और तेज हवाओं के चलते गांव में लगे बिजली के पोल एवं ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे गांव की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है। कई दिन बीत जाने के बाद भी बिजली बहाल न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों के मुताबिक लोहेपनिया गांव खरझार पहाड़ी नाले के समीप स्थित है। बाढ़ का पानी गांव में पहुंचने के कारण झाड़ियों और आसपास के क्षेत्रों में जहरीले जीव-जंतुओं के आने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में बिजली व्यवस्था ठप होने से ग्रामीणों, खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति तुलसीपुर विद्युत उपकेंद्र से संचालित होती है। बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए ग्रामीण कई बार विद्युत केंद्र पर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल क्षतिग्रस्त विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
ग्रामीण ओम प्रकाश, रामगोपाल, महावीर, ठेकेदार, टीकम, कलूमन समेत दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
जल्द बहाल होगी बिजली
इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ ने बताया कि क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने का कार्य कराया जा रहा है। बहुत जल्द गांव की विद्युत सप्लाई चालू कर दी जाएगी।
#UPNews #RuralNews #SwatantraPrabhat #FloodNews #UttarPradeshNews #ElectricitySupply #BalrampurNews #DistrictAdministration #PowerCut #ElectricityDepartment #ElectricityCrisis #StormDamage #TransformerDamage #PowerRestoration #RuralElectricity #FloodDamage #FloodAffectedVillage #PachpedwaNews #LohePania #ElectricPoleDamage #TulsipurPowerSubstation #VillagePowerSupply #BalrampurUpdate #PowerCrisis #ElectricityRestoration


Comments