संपूर्ण समाधान दिवस में 160 शिकायतें दर्ज, एक दर्जन से अधिक मामलों का मौके पर निस्तारण

शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के सामने फरियादियों ने विभिन्न समस्याएं रखीं। कुल 160 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें एक दर्जन से अधिक मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।

Abhinav Shukla Picture
Published On

लालगंज (रायबरेली)। शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के सामने फरियादियों ने विभिन्न समस्याएं रखीं। कुल 160 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें एक दर्जन से अधिक मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
 
मानपुर निवासी मिथिलेश ने बताया कि उसने लच्छीपुर स्थित भवन में दो किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया था। एजेंट ने इसकी लागत 1.57 लाख रुपये बताई और करीब 90 हजार रुपये की सब्सिडी मिलने की जानकारी दी थी। महिला के अनुसार सोलर पैनल लगने के एक वर्ष बाद भी सब्सिडी नहीं मिली। विद्युत बिल के नाम पर भी 40 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया। उसने मामले की जांच कराकर सब्सिडी दिलाने की मांग की।
 
चक पंचम निवासी लक्ष्मी शंकर ने आम रास्ते पर कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि रास्ता बंद होने के कारण ग्रामीण रेल पटरियों को पार कर आवागमन करने के लिए मजबूर हैं।
 
आलमपुर के ग्राम प्रधान अमित कुमार ने हर घर नल योजना के तहत पानी की टंकी के लिए भूमि आवंटित किए जाने की मांग की। उन्होंने बस स्टॉप के पास ग्राम सभा की खाली भूमि पर पानी की टंकी बनाए जाने का सुझाव दिया।
 
पूरे भैरों मिश्र गांव निवासी दिनेश मिश्रा ने पंचायत सचिव पर पंचायत भवन में नियमित रूप से नहीं बैठने और बुजुर्गों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने पात्र लोगों को वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की।
 
वहीं, लखनापुर सरेनी निवासी रामचरन ने पत्नी को कथित रूप से बंधक बनाए जाने की शिकायत की। उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी पत्नी एक व्यक्ति के साथ चली गई थी। अब फोन पर उसने खुद को बंधक बनाए जाने की जानकारी दी है। पीड़ित ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
समाधान दिवस में अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें