नवीनतम
फीचर्ड
राष्ट्रीय खेल दिवस पर स्टेडियम में गूंजा खेलों का उत्साह,
खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम डीएम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, फिट इंडिया की दिलाई शपथ; उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हुए सम्मानित
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
बलरामपुर ।
हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला खेल कार्यालय की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम बलरामपुर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर तथा मेजर ध्यानचंद एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के भारतीय खेल जगत में योगदान को याद करते हुए खिलाड़ियों से उनके समर्पण, अनुशासन और खेल भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
नौ टीमों ने हॉकी में दिखाया दमखम
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित अंडर-14 बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता में जनपद की नौ टीमों एवं विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका वर्ग की ताइक्वांडो एवं जूडो प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में एमपीपी इंटर कॉलेज बलरामपुर ने सिटी मॉन्टेसरी स्कूल बलरामपुर को 3-0 से हराकर शानदार शुरुआत की।
‘फिट इंडिया’ की शपथ लेकर स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
जिलाधिकारी ने हॉकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेना चाहिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शपथ दिलाई और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिलाधिकारी ने सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। जिलाधिकारी ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए छात्राओं को सम्मानित किया और उन्हें अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिषेक कुमार, खेल प्रशिक्षक, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, खिलाड़ी एवं स्टेडियम स्टाफ मौजूद रहा।
uttar pradesh swatantra prabhat Balrampur balrampur news taekwondo competition national sports day sports competition physical fitness Sports development hockey tournament leadership skills Sports Talent Uttar Pradesh Sports Student Athletes Youth Sports Major Dhyan Chand Player Felicitation Teamwork Sports Stadium Balrampur District Sports Office Under 14 Hockey Judo Competition Fit India Movement Fit India Pledge Mental Strength MPP Inter College City Montessori School Cultural Performance Balrampur Sports Major Dhyan Chand Jayanti


Comments