आगरा से आने वाले पनीर-खोया लदे वाहनों की रातभर सघन चेकिंग, 600 किलो खाद्य पदार्थ नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में पनीर एवं खोया के 08 नमूने लिए, जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
संवाददाता फ़िरोज़ाबाद
फिरोजाबाद।
आगामी पर्वों के दृष्टिगत मिलावटी एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री और आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 अगस्त 2026 की देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने आगरा की ओर से जनपद फिरोजाबाद में आने वाले पनीर एवं खोया लदे वाहनों की सघन चेकिंग की।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी फिरोजाबाद के निर्देशों के क्रम में की गई कार्रवाई के दौरान विभिन्न वाहनों एवं प्रतिष्ठानों से पनीर एवं खोया के कुल 08 नमूने संग्रहित किए गए। वहीं मौके पर संदिग्ध पाए गए लगभग 600 किलोग्राम पनीर एवं खोया को नियमानुसार नष्ट कराया गया।
दो वाहनों से 600 किलो खाद्य पदार्थ कराया नष्ट
चेकिंग के दौरान मुनेश कुमार पुत्र राज बहादुर सिंह, निवासी बिजकौली, पोस्ट बटेश्वर, थाना बाह, जनपद आगरा के वाहन संख्या UP83AT 1532 की जांच की गई। वाहन से पनीर की आपूर्ति की जा रही थी। टीम ने पनीर के 05 नमूने संग्रहित किए। मौके पर उपलब्ध लगभग 250 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये थी, को नियमानुसार नष्ट कराया गया। इसी प्रकार नीरज सिंह पुत्र अतार सिंह, निवासी ग्राम फरेरा, थाना बाह, जनपद आगरा के वाहन संख्या UP80GU1233 की जांच की गई। वाहन से पनीर एवं खोया की आपूर्ति की जा रही थी। टीम ने पनीर के 02 तथा खोया का 01 नमूना, कुल तीन नमूने लिए। मौके पर लगभग 100 किलोग्राम खोया, जिसकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये थी, को नष्ट कराया गया। इसके अलावा करीब 250 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई, को भी नियमानुसार नष्ट कराया गया।वहीं आकाश कौशिक पुत्र माता प्रसाद कौशिक, निवासी मक्खनपुर रोड, खैरगढ़, फिरोजाबाद के प्रतिष्ठान से पनीर का 01 नमूना संग्रहित किया गया।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन नियमों एवं विनियमों के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी पर्वों के मद्देनजर मिलावटी एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तुलिका शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल, संदीप, रमेश, विनोद, अरुण एवं अनिल शामिल रहे।


Comments