नवीनतम
फीचर्ड
स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया गया नमन
जिलाधिकारी ने कहा जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता
अमर शहीदों के त्याग और संघर्ष से मिली स्वतंत्रता, उनके सपनों का भारत बनाना हम सबकी जिम्मेदारी-जिलाधिकारी
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश-
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनिर्माताओं को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण किया।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि देश के अमर शहीदों, बलिदानियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों ने वर्षों तक संघर्ष किया, यातनाएं सहीं और अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्रता दिलाई। आज हम जिस स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक भारत में जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीरों का त्याग और संघर्ष है। हमें यह समझना होगा कि स्वतंत्रता से पूर्व देशवासियों की परिस्थितियां कितनी कठिन रही होंगी और देश को आजाद कराने के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने कितना बड़ा संघर्ष किया होगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का विषय नहीं, बल्कि कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है।
प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करे। जिलाधिकारी ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जो भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर अधिकारी के पास आता है, उसकी बात संवेदनशीलता एवं धैर्यपूर्वक सुनी जाए तथा नियमानुसार उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
Read More विभाजन की विभीषिका का स्मरण कर दी श्रद्धांजलि, एकता-अखंडता और सामाजिक सद्भाव का लिया संकल्पउन्होंने कहा कि जनपदवासियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से मिले और उनकी समस्याओं का समाधान निर्धारित समय-सीमा में हो, यही हमारी कार्यप्रणाली का मूल उद्देश्य होना चाहिए।
प्रभागीय वन अधिकारी, कैमूर वन्यजीव प्रभागीय अधिकारी आरुषि मिश्रा ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जिन वीर सपूतों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उनके सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। हम सभी अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए जनपद के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं और प्रकृति, पर्यावरण तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभाएं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए संघर्षों और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समय से निस्तारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल, राजीव शुक्ला, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल, ट्रेजरी बाबू इसरार अहमद, उप जिलाधिकारी न्यायिक रॉबर्ट्सगंज आकांक्षा गौतम, उप जिलाधिकारी जफर इकबाल ने भी स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों के त्याग एवं वर्तमान समय में अधिकारियों के कर्तव्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संचालन सुरेश पाठक द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


Comments