10 दिनों से फार्मासिस्ट विहीन है पीएचसी विशेषरगंज, मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ रही दवाएं
बस्ती जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुबौलिया के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विशेषरगंज में पिछले करीब 10 दिनों से फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने का मामला सामने आया है।
बस्ती। बस्ती जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुबौलिया के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विशेषरगंज में पिछले करीब 10 दिनों से फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने का मामला सामने आया है। फार्मासिस्ट के अभाव में दवाइयों के वितरण समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी कार्य प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीएचसी विशेषरगंज पर पूर्व में फार्मासिस्ट श्रीधर वर्मा की तैनाती थी। करीब एक माह पूर्व उनका स्थानांतरण सीएचसी कप्तानगंज के लिए कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि लगभग 10 दिन पहले सीएचसी प्रभारी दुबौलिया डॉ. सुशील कुमार ने उन्हें रिलीव कर दिया। इसके बाद श्रीधर वर्मा ने सीएचसी कप्तानगंज में ज्वाइन कर लिया, लेकिन पीएचसी विशेषरगंज पर उनके स्थान पर अब तक किसी अन्य फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं की गई है।
फार्मासिस्ट की तैनाती न होने के कारण पीएचसी के दवा स्टॉक से संबंधित कार्य और मरीजों को दवाओं के वितरण में परेशानी होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि स्टॉक में उपलब्ध कई दवाइयां भी खत्म हो चुकी हैं, जिसके चलते मरीजों को कथित तौर पर बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
पीएचसी विशेषरगंज पर फार्मासिस्ट की कमी की जानकारी सीएमओ डॉ. राजीव निगम को भी दिए जाने की बात कही जा रही है, बावजूद इसके करीब 10 दिन बीतने के बाद भी किसी फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं हो सकी है।
फार्मासिस्ट का पद लंबे समय तक खाली रहने से जहां मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द पीएचसी विशेषरगंज पर फार्मासिस्ट की तैनाती किए जाने की मांग की है। उक्त प्रकरण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० राजीव निगम से फोन के माध्यम जानकारी लेना चाहा तो मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मीडिया के फोन को रिसीव नहीं किया है ।
swatantra prabhat स्वतंत्र प्रभात basti news Uttar Pradesh Health News Rural Health Services Health Services Affected Basti latest news CMO Basti Basti health news Medicine Distribution PHC Vishesharganj Vishesharganj health center Dubaulia CHC pharmacist shortage pharmacist vacancy medicine shortage patients facing problems Rajiv Nigam Shridhar Verma Captainganj CHC


Comments