नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
मनरेगा में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले के अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित, बीडीओ ख़जनी रमेश शुक्ला को मिला सम्मान
मानव दिवस सृजन, रोजगार उपलब्ध कराने और समयबद्ध भुगतान में बेहतर प्रदर्शन की सराहना
ब्यूरो कार्यालय गोरखपुर ( यत्तर प्रदेश)
गोरखपुर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मानव दिवस सृजन, ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों को समयबद्ध मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर उनके योगदान की सराहना की गई।
सम्मान समारोह में मनरेगा के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने, कार्यों की नियमित निगरानी और भुगतान प्रक्रिया को समयबद्ध बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि मनरेगा के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्राम पंचायत से लेकर विकास खंड और जिला स्तर तक कार्य करने वाली पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
इसी क्रम में विकास खंड खजनी के खंड विकास अधिकारी रमेश शुक्ला एवं उनकी टीम के बेहतर प्रदर्शन की भी सराहना की गई। मनरेगा के कार्यों के प्रभावी संचालन, मानव दिवस सृजन, रोजगार उपलब्ध कराने और योजनाओं की निगरानी में उल्लेखनीय योगदान के लिए खंड विकास अधिकारी रमेश शुक्ला को सम्मानित कर शील्ड प्रदान की गई। उनके सम्मान से विकास खंड के कर्मचारियों में भी उत्साह का माहौल रहा।
मनरेगा के कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जियो-टैगिंग, मोबाइल आधारित निगरानी तथा विभिन्न स्तरों पर सत्यापन की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। ग्राम पंचायत स्तर पर कराए जा रहे कार्यों की निगरानी और सत्यापन में रोजगार सेवकों, तकनीकी सहायकों, एपीओ तथा कार्यक्रम अधिकारियों की भूमिका अहम रही।
समारोह में विभिन्न विकास खंडों से जुड़े अधिकारियों, तकनीकी सहायकों, एपीओ, कार्यक्रम अधिकारियों और रोजगार सेवकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण परिवारों को रोजगार देने के साथ गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योजना है।
जिला विकास अधिकारी ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मनरेगा के बेहतर क्रियान्वयन में टीम भावना और आपसी समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने मानव दिवस सृजन, समयबद्ध भुगतान और पारदर्शी कार्यप्रणाली को आगे भी प्राथमिकता देने का आह्वान किया। समारोह में जिले के विभिन्न विकास खंडों से अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Comments