नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
स्कूल जा रही इंटर की छात्रा को हाईवे पर बाइक ने उछाला
हालत नाजुक; चालक हिरासत में
तिलहर- शाहजहांपुर। स्कूल के लिए निकली इंटरमीडिएट की छात्रा बुधवार सुबह हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने बाइक चालक को हिरासत में लेकर वाहन कब्जे में कर लिया है।
कुआंडंडा गांव निवासी सत्यपाल की पुत्री पूनम बुलाकी दास इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा है। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। गैस एजेंसी के पास हाईवे पार करते समय शाहजहांपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूनम सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई, जबकि बाइक चालक रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र के नरपत नगर निवासी तसव्वर भी घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों को संभाला और पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
परिजन छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर, उपचार के बाद बाइक चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और बाइक कब्जे में कर ली।
सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई है। बाइक चालक को हिरासत में लेकर वाहन सीज कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Comments