किसान समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं किसानों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

खतौनी की तकनीकी त्रुटि से किसान रजिस्ट्री में आ रही बाधा का तत्काल समाधान कराने के दिए निर्देश, किसानों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

फ़िरोजाबाद - जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में विकास भवन सभागार में किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे और अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक किसान की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
 
किसान समाधान दिवस में कृषि, मत्स्य, पशुपालन एवं सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान किसानों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा अन्य कृषि एवं वित्तीय सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
 
बैठक में किसानों को रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने, श्री अन्न (मिलेट्स) की खेती अपनाने तथा खाद-बीज के वैज्ञानिक एवं संतुलित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही पारंपरिक खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन एवं बागवानी जैसे क्षेत्रों को अपनाकर किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष चर्चा की गई।
 
समाधान दिवस के दौरान ब्लॉक अरांव, तहसील सिरसागंज के ग्राम मुस्तफाबाद निवासी बुजुर्ग किसान साहब सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि उनकी खतौनी में नाम की तकनीकी त्रुटि होने के कारण किसान रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें मक्का बेचने और खाद प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल त्रुटि दूर कर समस्या का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
 
इसके अतिरिक्त अन्य किसानों ने भी कृषि, सिंचाई, खाद, बिजली एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी किसान को कृषि या अन्य विभागों से संबंधित कोई समस्या हो तो वह किसान समाधान दिवस में सीधे आकर अपनी बात रखें। प्रशासन का प्रयास है कि जनपद के किसी भी अन्नदाता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
 
जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की शिकायतों को लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का मौके पर सत्यापन कर पारदर्शी ढंग से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
 
इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सोमेश गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें