बदमाशों ने छीना कैश से भरा बैग तलाश में जुटी पुलिस।
मीरजापुर।
संवाददाता प्रवीण तिवारी
मीरजापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र में गुरुवार रात बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने वसूली कर लौट रहे दो कर्मचारियों की वाहन के टायर में गोली मार कर उन्हें रोक लिया और करीब ढाई लाख रुपए से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने नाका बंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मड़िहान थाना क्षेत्र के बेला जंगल मार्ग पर गुरुवार रात करीब 8:00 बजे लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने वसूली कर लौट रहे तो कर्मचारियों की वाहन के टायर में गोली मार दी। टायर फटने के बाद वाहन रुक गई और बदमाश नगदी से भरा बैग लूट कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार लोहंदी निवासी सुनील यादव और छोटा मिर्जापुर निवासी राजकुमार कटरा कोतवाली के सामने स्थित मिलन थ्रेड कंपनी में कार्यरत हैं। दोनों कर्मचारी कंपनी की वसूली के सिलसिले में सोनभद्र के घोरावल गए थे वहां से करीब ढाई लाख रुपए की वसूली करके मड़िहान मार्ग से मिर्जापुर लौट रहे थे। 
इसी दौरान बेला जंगल मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे पल्सर सवार दो बदमाशों ने उनकी वाहन के टायर पर गोली चला दी। टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर रुक गई। इसके बाद बदमाश कर्मचारियों के पास मौजूद नगदी से भरा बैंग छीनकर फरार हो गए।
मिलन थ्रेड कंपनी के संचालक सचिन ने बताया कि घटना में दोनों कर्मचारी सुरक्षित हैं और किसी को गोली नहीं लगी है। बदमाश केवल नगदी से भरा बैग लूटकर भागे हैं। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मड़िहान थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रो में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही संभावित मार्गो पर लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है । जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Comments