नवीनतम
मीरजापुर: प्राथमिक विद्यालय की दीवार गिरने से 7 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
मीरजापुर।
सवादाता प्रवीण तिवारी
मीरजापुर। जनपद के मड़िहान थाना क्षेत्र अंतर्गत दीपनगर (कुबेरी पटेहरा) गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम अंकित कोल की प्राथमिक विद्यालय की दीवार गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित कोल पुत्र सोनू कोल निवासी कुबेरी पटेहरा, दीपनगर, मड़िहान के रूप में हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से मासूम अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक तौर पर दीवार के जर्जर होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। ग्रामीणों ने विद्यालय भवनों की सुरक्षा की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित सहायता दिए जाने की मांग की है।


Comments