वन माफिया बेखौफ होकर चला रहे हरियाली पर आरा
जिम्मेदार पेड़ों की कटान पर अंकुश लगाने में नाकाम
शिवगढ़ (रायबरेली)।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटान थमने का नाम नहीं ले रही है। वन माफिया बेखौफ होकर आम, महुआ, गूलर, जामुन,शीशम आदि बहुमूल्य पेड़ों पर धड़ल्ले से आरा चला रहे हैं। क्षेत्र के संदीप , सुनील, रामकिशोर, संगीत आदि ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद वन विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है, जिससे वन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि विभागीय शिथिलता और कथित मिलीभगत के चलते वन माफिया हरे भरे पेड़ों को काटकर बागों को वीरान करने में जुटे हुए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि जब से खेत खाली हुए हैं पिछले 2 महीनों में दहिगवां, बैंती, तरौजा, कुम्भी, बेडारु, कुम्हरावा, भवानीगढ़, पड़रिया, नेरथुआ, रामपुर खास, देहली,हंसवा,गूढ़ा, पड़ीरा,पाराकला, पाराखुर्द तथा नगर पंचायत शिवगढ़ के विभिन्न वार्डों में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित पेड़ों की कटान हुई है।


दहिगवां गांव ग्राम पंचायत में तो पिछले 20 दिनों में आम, गूलर, महुआ, जामुन,छोहरिया सहित दर्जनों प्रतिबंध पेड़ काटकर धरासायी कर दिए गए। ग्रामीणों ने अवैध कटान पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी विक्रमजीत सिंह ने बताया कि दहिगवां में गूलर के पेड़ों की कटान की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। यदि अन्य पेड़ों की कटान की हुई है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


Comments