नवीनतम
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
मानक के विपरीत खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर सख्ती, दुकानदारों को दिए गए आवश्यक निर्देश
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभागीय टीम ने मानक के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान ठेले, खोमचे, फलों एवं सब्जियों की दुकानों, चाट-पकौड़ी, जूस, कटे फल, मिठाइयों तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, कटे फलों की खुले में बिक्री न करने तथा स्वच्छ पेयजल का प्रयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान दुकानदारों एवं खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि 01 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा। जनसामान्य से भी अपील की गई है कि वे केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही सेवन करें तथा किसी भी प्रकार की खाद्य अनियमितता की सूचना संबंधित विभाग को दें।


Comments