अतीक अहमद की कथित बेनामी संपत्तियों की जांच को एसआईटी गठित, तीन दिन में शुरू होगी कार्रवाई।

पूर्व सांसद एवं माफिया सरगना अतीक अहमद और उसके करीबियों से जुड़ी कथित बेनामी संपत्तियों की जांच के लिए प्रयागराज पुलिस प्रशासन ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात । 
 
प्रयागराज। 
 
पूर्व सांसद एवं माफिया सरगना अतीक अहमद और उसके करीबियों से जुड़ी कथित बेनामी संपत्तियों की जांच के लिए प्रयागराज पुलिस प्रशासन ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एक अधिवक्ता द्वारा की गई शिकायत के आधार पर शुरू हुई इस कार्रवाई को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं।
 
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अतीक अहमद तथा उसके परिजनों द्वारा अपने करीबी एवं चकिया निवासी मदन लाल भारतीया के नाम पर धूमनगंज क्षेत्र में कई अचल संपत्तियां खरीदी गई थीं। इन संपत्तियों के अधिग्रहण में कथित रूप से बेनामी लेन-देन और अवैध धन के उपयोग की आशंका जताई गई है।
 
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. अजय पाल ने जांच के लिए उच्चस्तरीय एसआईटी का गठन किया है। गठित टीम में पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य, एडीएम सिटी सत्यम मिश्र, अपर नगर आयुक्त अरविंद राय, एआईजी स्टांप राकेश चंद्रा तथा पीडीए सचिव विनीत कुमार सिंह को शामिल किया गया है।
 
एसआईटी को संबंधित संपत्तियों के स्वामित्व, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों, राजस्व अभिलेखों एवं वित्तीय लेन-देन की गहन जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही टीम को गोपनीय एवं प्रमाणिक सूचनाएं एकत्र कर यह पता लगाने का निर्देश दिया गया है कि कहीं उक्त संपत्तियां अवैध रूप से अर्जित धन से तो नहीं खरीदी गईं।
 
प्रशासनिक आदेश के अनुसार एसआईटी को तीन दिनों के भीतर जांच प्रक्रिया प्रारंभ करनी होगी। साथ ही जांच की प्रगति पर सतत निगरानी रखने के लिए प्रत्येक सोमवार को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त साप्ताहिक रिपोर्ट अपर पुलिस आयुक्त को प्रस्तुत करनी होगी।
 
सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की बेनामी या अवैध संपत्ति का पता चलता है तो संबंधित कानूनों के तहत जब्ती, कुर्की एवं अन्य विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है। एसआईटी के गठन को अतीक अहमद और उसके नेटवर्क से जुड़ी संपत्तियों के विरुद्ध चल रहे अभियान का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार