ठेकेदार की लापरवाही से मामा-भांजा पावर हाउस में लगी आग,। ₹1.52 लाख के उपकरण जलकर खाक; ।

नैनी क्षेत्र के रीवा रोड स्थित 220 केवी मामा-भांजा तालाब पावर हाउस में एक ठेकेदार की कथित लापरवाही से बिजली विभाग को ₹1.52 लाख से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात।
 
नैनी,प्रयागराज ।
 
नैनी क्षेत्र के रीवा रोड स्थित 220 केवी मामा-भांजा तालाब पावर हाउस में एक ठेकेदार की कथित लापरवाही से बिजली विभाग को ₹1.52 लाख से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार राहुल जायसवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाना नैनी में लिखित तहरीर दी है। पावर हाउस परिसर में घास कटाई का कार्य अनुबंध संख्या 49/ईटीसी-द्वितीय (पी)/2025-26 के तहत ठेकेदार  को सौंपा गया था। अनुबंध की शर्तों के अनुसार, कटी हुई घास को परिसर से बाहर निर्धारित स्थान पर डंप किया जाना था तथा परिसर के भीतर किसी भी स्थिति में आग लगाने की अनुमति नहीं थी।
 
बताया गया कि 22 जून 2026 को दोपहर करीब दो बजे ठेकेदार ने पहले से कटी और सूखी घास को नष्ट करने के उद्देश्य से उसमें आग लगा दी। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उसे ऐसा करने से सख्ती से मना किया था और संभावित खतरे के प्रति आगाह भी किया था, लेकिन चेतावनियों की अनदेखी की गई।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित ओपन स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से स्टोर में रखी विभागीय सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।विभाग द्वारा तैयार किए गए प्रारंभिक नुकसान के आकलन के अनुसार, 400 मीटर एसीएसआर पैंथर कंडक्टर (अनुमानित मूल्य ₹82,804), 50 पीस 120 केएन पोर्सिलेन इंसुलेटर (अनुमानित मूल्य ₹38,600) तथा 600 मीटर अर्थ वायर (अनुमानित मूल्य ₹31,000) पूरी तरह नष्ट हो गए। इस घटना से विभाग को कुल ₹1,52,404 की प्रत्यक्ष आर्थिक क्षति हुई है।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के साउथ डिवीजन की टीम, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर पवन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आसपास के अन्य स्टोरों में रखी करोड़ों रुपये की मूल्यवान विद्युत सामग्री भी नष्ट हो सकती थी।घटना के बाद 220 केवी उपकेंद्र रीवा रोड के अवर अभियंता अखिलेश कुमार ने थाना नैनी में विभागीय निर्देशों की अवहेलना, अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने के लिए लिखित तहरीर सौंपी है। विभाग ने साक्ष्य के रूप में अनुबंध की प्रति तथा घटनास्थल के फोटो और वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।बिजली विभाग अब ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ हुए नुकसान की पूरी राशि की वसूली की तैयारी कर रहा है।इस संबंध में उपखंड अधिकारी (एसडीओ) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें