योग से दुनिया में बढ़ा भारत का मान, संगम पर होगा भव्य आयोजन : केशव प्रसाद मौर्य।

21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर देशभर के साथ-साथ संगम नगरी प्रयागराज में भी उत्साह का माहौल है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात । 
 
प्रयागराज। ।
 
21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर देशभर के साथ-साथ संगम नगरी प्रयागराज में भी उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर संगम तट पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज पहुंच चुके हैं।
 
प्रयागराज पहुंचने पर मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज योग का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है और करोड़ों लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन पद्धति है। योग लोगों को निरोग बनाने के साथ-साथ मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। यही कारण है कि आज विश्व के अनेक देशों में योग को अपनाया जा रहा है और भारत की इस प्राचीन ज्ञान परंपरा का सम्मान बढ़ रहा है।
 
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रयागराज के संगम क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। इसमें विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी योग दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
 
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों और परीक्षा प्रणाली में किए जा रहे सुधारों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सामने आई अनियमितताओं से सरकार ने सबक लिया है और अब परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और फुलप्रूफ बन सके।
 
उपमुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के प्रयासों से प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और मेहनती युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्धत है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें