नवीनतम
नवाबगंज टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा, डंपर चालक की मौत, तीन गंभीर घायल
कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह नवाबगंज टोल प्लाजा के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डंपर में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह नवाबगंज टोल प्लाजा के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डंपर में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था कई घंटों तक प्रभावित रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे का बताया जा रहा है।
दुर्घटना में डंपर चालक जीतू पुत्र कठेरवा निवासी बिधनू, कानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डंपर में सवार छोटे पुत्र सुखदेव, मोहम्मद शादाब तथा आमिर निवासी बाराबंकी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही अजगैन पुलिस, एंबुलेंस और हाईवे टीम मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों और राहत कर्मियों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब पांच किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बाद में पुलिस और हाईवे कर्मियों ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे तेज रफ्तार, चालक को झपकी आने अथवा अन्य किसी तकनीकी कारण की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Road accident Unnao unnao news uttar pradesh news Highway safety District Hospital Referral traffic disruption Road safety alert Fatal Accident Kanpur Lucknow National Highway Nawabganj Toll Plaza Dumper Crash Truck Collision Jitu of Bidhnu Kanpur Ajgain Police Highway Jam Injured in Road Mishap Barabanki Residents CHC Nawabganj Accident Investigation


Comments