बस्ती में 94 क्विंटल राशन कम मिला:कोटेदार का लाइसेंस निलंबित, DM की मंजूरी पर दर्ज होगी FIR
बस्ती जिले के कुदरहा ब्लॉक अंतर्गत भंगुरा गांव में उचित दर विक्रेता द्वारा राशन की बड़े पैमाने पर हेराफेरी का मामला सामने आया है।
बस्ती। बस्ती जिले के कुदरहा ब्लॉक अंतर्गत भंगुरा गांव में उचित दर विक्रेता द्वारा राशन की बड़े पैमाने पर हेराफेरी का मामला सामने आया है। भौतिक सत्यापन के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाए जाने के बाद पूर्ति विभाग ने दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद कोटेदार और उसके सहयोगी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूर्ति निरीक्षक अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि 10 जून को भंगुरा गांव की उचित दर दुकान का भौतिक सत्यापन किया गया था। जांच के दौरान दुकान पर केवल 8.87 क्विंटल गेहूं और 15.50 क्विंटल चावल उपलब्ध मिला। जबकि स्टॉक रजिस्टर के अनुसार, दुकान में 47.52 क्विंटल गेहूं और 70.69 क्विंटल चावल होना चाहिए था। जांच में कुल 38.65 क्विंटल गेहूं और 55.19 क्विंटल चावल कम पाया गया। इस प्रकार, लगभग 94 क्विंटल खाद्यान्न की कमी सामने आई, जिससे राशन वितरण प्रणाली में गंभीर अनियमितता उजागर हुई। विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से उचित दर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जिलाधिकारी की मंजूरी के बाद उचित दर विक्रेता रामानंद और उनके सहयोगी संजय कुमार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। विभागीय स्तर पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी। भंगुरा गांव के कार्डधारकों को राशन वितरण में कोई परेशानी न हो, इसके लिए उपभोक्ताओं को अस्थायी रूप से ग्राम पंचायत चकदहा की उचित दर दुकान से संबद्ध कर दिया गया है। अगले आदेश तक सभी पात्र लाभार्थियों को वहीं से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। पूर्ति विभाग की इस कार्रवाई से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गड़बड़ी करने वालों को सख्त संदेश गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसी अनियमितताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
जिलाधिकारी बस्ती एफआईआर बस्ती समाचार संजय कुमार सार्वजनिक वितरण प्रणाली राशन घोटाला खाद्य सुरक्षा पूर्ति विभाग कुदरहा ब्लॉक भंगुरा गांव उचित दर दुकान खाद्यान्न हेराफेरी राशन अनियमितता पीडीएस पूर्ति निरीक्षक अनुराग श्रीवास्तव कोटेदार रामानंद लाइसेंस निलंबित आवश्यक वस्तु अधिनियम गेहूं चावल स्टॉक सत्यापन राशन वितरण चकदहा ग्राम पंचायत कार्डधारक सरकारी राशन उत्तर प्रदेश समाचार।


Comments