नवीनतम
फीचर्ड
भीषणगर्मी में मरीज बेहाल, मिर्जापुर महिला जिला अस्पताल में पंखे तक की नही है व्यवस्था।
मीरजापुर।
संवाददाता प्रवीण तिवारी।
मिर्जापुर। के महिला जिला अस्पताल में भीषण गर्मी के बीच दूर-दराज से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करनाऊ पड़ रहा है। आरोप है कि अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त पंखों तक की व्यवस्था नहीं है, जबकि अस्पताल के स्टाफ कक्षों में एसी, कूलर और पंखों की पूरी सुविधा उपलब्ध है।
मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव अलर्ट के बीच जनपद का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में 30 से 40 किलोमीटर दूर ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज कराने आने वाले मरीज गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं। अस्पताल परिसर में बैठने और राहत की समुचित व्यवस्था न होने से मरीजों एवं उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं जिला अस्पताल परिसर में दोपहिया वाहनों से स्टैंड शुल्क वसूले जाने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में मुफ्त इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों से ₹10 प्रति बाइक के हिसाब से वसूली की जा रही है। लोगों का आरोप है कि सरकार द्वारा कई स्थानों पर स्टैंड व्यवस्था समाप्त किए जाने के बावजूद यहां खुलेआम शुल्क लिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मरीजों के पास पर्याप्त पैसे होते तो वे निजी अस्पतालों में इलाज कराते, जहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं। लोगों ने जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार कर मरीजों को राहत दिलाने की मांग की है।


Comments