धनरूआ में ट्रक से 2645 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 298 कार्टून इम्पीरियल ब्लू शराब जब्त
धनरूआ थाना पुलिस ने बुधवार को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक से 2645 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान गणेश राम (26 वर्ष), पिता पूरा राम, ग्राम गराई, जिला बाड़मेर, राजस्थान के निवासी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार धनरूआ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली से पटना की ओर एक ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और इलाके में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में ट्रक से 298 कार्टून इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 2645 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से चालक गणेश राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार ट्रक पर नागालैंड का नंबर प्लेट लगा हुआ था, जिससे शराब तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। ट्रक, शराब एवं चालक को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।गिरफ्तार चालक से पूछताछ जारी है।
साथ ही ट्रक मालिक एवं शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए छापेमारी और जांच तेज कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


Comments