पीस पार्टी छोड़ AIMIM में शामिल हुए हकीक़ुल्लाह खान, गैंसड़ी से ‘लाला भाई’ होंगे मजलिस के उम्मीदवार

महाराष्ट्र से आए पीस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हकीक़ुल्लाह खान उर्फ लाला भाई ने प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के साथ आधिकारिक रूप से एआईएमआईएम (मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) की सदस्यता ग्रहण कर ली।

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
 
पचपेड़वा/बलरामपुर। महाराष्ट्र से आए पीस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हकीक़ुल्लाह खान उर्फ लाला भाई ने प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के साथ आधिकारिक रूप से एआईएमआईएम (मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) की सदस्यता ग्रहण कर ली। सदस्यता ग्रहण करने के बाद गैंसड़ी विधानसभा क्षेत्र पहुँचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पार्टी द्वारा गैंसड़ी विधानसभा सीट से लाला भाई को मजलिस का प्रत्याशी घोषित किए जाने से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
 
मीडिया से बातचीत में लाला भाई ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान समय में आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और समाज में अस्थिरता का माहौल है। उन्होंने कहा कि सरकार का पहला दायित्व गरीबों को आवास और युवाओं को रोजगार देना होना चाहिए, लेकिन आज गरीबों के आशियानों पर बुलडोज़र चलाए जा रहे हैं।
 
उन्होंने हाल ही में अधिवक्ताओं के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वकीलों को सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। साथ ही सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए छात्रों, शिक्षकों, पत्रकारों और अधिवक्ताओं पर कार्रवाई कराई जा रही है।
 
लाला भाई ने पेपर लीक और नीट जैसी परीक्षाओं के परिणाम रद्द होने की घटनाओं को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। वहीं बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की समस्या को लेकर भी सरकार को घेरा।
 
हकीक़ुल्लाह खान ने कहा कि मजलिस का हर कार्यकर्ता देशहित और जनहित के लिए काम करता है तथा आगे भी जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और क्षेत्रीय समस्याओं को संगठित रूप से उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सिराज शेख, नगर अध्यक्ष नदीम अहमद गजनवी, जिला महासचिव मकसूद खान, जिला सचिव इरशाद खान, शोयब कमर खान, अख्तर हुसैन, फिरोज अहमद, मैराज क्रांतिकारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 
जिलाध्यक्ष सिराज अहमद ने दावा किया कि मजलिस वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरे प्रदेश की 400 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments